लंबगांव (टिहरी)। ऊर्जा निगम की लापरवाही क्षेत्र के लोगों पर भारी पड़ रही है। बिना पूर्व सूचना के लंबगांव में प्रतिदिन घंटों बिजली कटौती की जा रही है। बीते दिन इंटर कॉलेज में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम में लोगों ने डीएम सोनिका के सम्मुख विद्युत कटौती का मुद्दा उठाया, जिस पर डीएम ने लंबगांव को 24 घंटे बिजली देने का आश्वासन दिया। लेकिन बृहस्पतिवार को भी स्थिति में कोई सुधार नहीं आया।
लंबगांव क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पटरी पर आने का नाम नहीं ले रही है। हर दिन घंटों बिजली की कटौती की जा रही है। बिजली कब आएगी और कब जाएगी इसका कोई समय निर्धारित नहीं है। बिजली गुल होने पर व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। बैंकों में कामकाज समय पर नहीं हो पा रहा है। व्यापार मंडलाध्यक्ष केशव सिंह रावत, युद्धवीर नेगी, जय प्रकाश जोशी, अरिवंद बिष्ट, कैलाश बगियाल व गैणा सिंह बगियाल का कहना है कि लंबगांव की विद्युत व्यवस्था में सुधार लाने के लिए बौसाड़ी में अलग फीडर बनाया गया था, लेकिन ऊर्जा निगम के अधिकारी इसी फीडर से सभी क्षेत्रों में सप्लाई दे रहे हैं, जिससे लोड बढ़ने के कारण बार-बार विद्युत आपूर्ति ठप पड़ रही है। बार-बार बिजली गुल होने पर घरों और दुकानों में लगे फ्रीज, पंखे और टीवी जलकर खराब हो रहे हैं। उन्होंने व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर ऊर्जा निगम के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। जेई एलपी नौटियाल का कहना है कि चंबा विद्युत सब स्टेशन से कटौती की जा रही है। स्थानीय स्तर पर कोई भी फाल्ट नहीं है।