नई टिहरी। वीरचंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विवि ने स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया है। स्नातक में पल्लवी जोशी और स्नातकोत्तर स्तर पर सरिता ने प्रथम स्थान हासिल किया है। अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग दो-तीन अगस्त को वानिकी महाविद्यालय रानीचौरी परिसर में होगी।
विवि के स्नातक वानिकी, औद्यानिकी और पर्वतीय कृषि की 80, स्नातकोत्तर के औद्यानिकी, वानिकी, बीज विज्ञान की 72 सीटों के लिए नौ जुलाई को विभिन्न केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा हुई थी, जिसमें स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए आठ सौ, और स्नातकोत्तर के लिए 121 परीक्षार्थी शामिल हुए थे।
बृहस्पतिवार को कुलपति प्रो. मैथ्यू प्रसाद के निर्देश पर वानिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता व प्रवेश परीक्षा के संयोजक प्रो. सीएम शर्मा, परीक्षा समन्वयक डा. वीपी खंडूड़ी, संयुक्त निदेशक शोध एवं प्रसार डा. आरजी उपाध्याय ने प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित किया।
स्नातक पाठ्यक्रमों में पल्लवी जोशी प्रथम, आयुषी चमोली द्वितीय, सौरभ भट्ट ने तृतीय स्थान हासिल किया। स्नातकोत्तर में सरिता ने पहला, कुलदीप राणा ने दूसरा और श्रीनिवास आर पाटिल ने तीसरा स्थान हासिल किया। परीक्षा समन्वयक डा. वीपी खंडूड़ी ने बताया कि स्नातक के सफल अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग दो अगस्त और स्नातकोत्तर की तीन अगस्त को वानिकी महाविद्यालय के रानीचौरी में संपन्न होगी। काउंसिलिंग के बाद छात्र-छात्राओं को विवि के रानीचौरी, भरसार और चिरबटिया परिसर में प्रवेश दिया जाएगा।