चंबा (टिहरी)। गढ़वाल केंद्रीय विवि के एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए मंगलवार से काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन बीएससी बायो ग्रुप, बीए, बीकॉम की काउंसिलिंग हुई।
बायो ग्र्रुप के संयोजक प्रो. एनके अग्रवाल ने बताया कि बीएससी बायो ग्रुप में प्रवेश के लिए 240 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था, जिसमें से 156 ऑफ लाइन और 84 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 112 छात्र-छात्राओं की काउंसिलिंग हो चुकी है। शेष अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग बुधवार को होगी। विषय चयन के लिए छात्र-छात्राओं को कई विकल्प दिए जा रहे हैं।
बीकॉम के संयोजक प्रो. एसके शर्मा ने बताया कि बीकॉम प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए 40 अभ्यर्थियों के आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनकी काउंसिलिंग संपन्न हो चुकी है। शुल्क समिति के सदस्य हंसराज बिष्ट ने बताया कि छात्र-छात्राएं 24 जुलाई के बाद आनलाइन शुल्क जमा कर सकते हैं। परिसर में पहली बार आनलाइन शुल्क जमा करने की सुविधा दी जा रही है। एसबीआई और एचडीएफसी बैंक से शुल्क जमा करने के लिए अनुबंध हो चुका है। इस अवसर पर प्रो. सुबोध कुमार, डॉ. बीना जोशी, डॉ. एलआर डंगवाल, डॉ. डीके पांडेय, डॉ. एनपी नैथानी, होशियार सिंह, देवी प्रसाद थपलियाल आदि उपस्थित रहे।