चारधाम यात्रा शुरू होने में अब सिर्फ 20 दिन शेष रह गया है, लेकिन यात्रा के मुख्य पड़ाव घनसाली में एक पखवाड़े से सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप पड़ी हुई है। बाजार की सड़कें और नालियां गंदगी से अटी पड़ी हुई है।
नगर पंचायत और तहसील प्रशासन की ओर से सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए कोई भी पहल नहीं की जा रही है। घनसाली को नगर पंचायत का दर्जा मिले हुए दो साल बीत चुका है, लेकिन तब से नगर पंचायत और तहसील प्रशासन सफाई के लिए कोई कारगर व्यवस्था नहीं बना पाया है। बाजार की मुख्य सड़कों पर गंदगी का ढेर लगा हुआ है।
सफाई व्यवस्था के लिए नगर पंचायत कर्मियों की तैनाती नहीं कर पाया है। व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष ध्यान सिंह पंवार का कहना है कि नगर पंचायत बनने से पहले जिला पंचायत और व्यापार मंडल सफाई व्यवस्था कराता था।
नगर पंचायत बनने के बाद जिला पंचायत ने सहयोग देना बंद कर दिया है। नगर पंचायत ने यदि जल्द सफाई व्यवस्था शुरू नहीं की, तो आंदोलन किया जाएगा। नगर पंचायत के प्रभारी ईओ ऐलम दास ने बताया कि बाजार की सफाई के लिए तैनात कर्मचारी अवकाश पर होने से इन दिनों सफाई नहीं हो पाई है। दो-तीन दिन के भीतर समस्या हल हो जाएगी।