उत्तराखंड बोर्ड की 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम सोमवार को घोषित हो गया। टिहरी जिले में सुभाष इंटर कॉलेज थौलधार के छात्र मुकुल सिलस्वाल ने 99 फीसदी अंकों के साथ प्रदेश में पहला और इसी स्कूल के आयुष जुयाल ने 98.60 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश की मेरिट में दूसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। हाईस्कूल परीक्षा में टिहरी जिले का परिणाम 78.65 फीसदी और इंटरमीडिएट में 83.05 फीसदी छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। कोरोना संक्रमण के कारण पिछली बार परीक्षा परिणाम करीब शत प्रतिशत रहा था। 2021 में हाईस्कूल का परिणाम 99.53 और इंटर का 99.08 प्रतिशत रहा था। टिहरी जिले से हाईस्कूल परीक्षा में 9 और इंटर में 3 छात्रों ने प्रदेश की मेरिट में स्थान बनाया है। हाईस्कूल परीक्षा में 86.13 छात्राओं और 71.46 प्रतिशत छात्रों ने सफलता पाई है। जबकि इंटरमीडिएट में 83.01 छात्राओं और 82.99 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। इस बार विद्या भारती के स्कूल पिछले साल की तुलना में बेहतर परीक्षा परिणाम देने में नाकाम रहे है। हालांकि विद्या मंदिर कंडी-छाम के छात्रों ने जरूर मेरिट लिस्ट में स्थान पाया है। जबकि राजकीय सहायता प्राप्त सुभाष इंटर कॉलेज का परिणाम जिले में सबसे बेहतर रहा। अलबत्ता विद्या मंदिर नई टिहरी, उनियाल सारी चंबा, घनसाली और चमियाला का एक भी छात्र टॉपर सूची में नाम दर्ज नहीं करा पाया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी एलएम चमोला ने बताया कि कोरोना संक्रमण काल के बाद कक्षाएं संचालित करने में दिक्कत आई। बावजूद इसके छात्रों ने घर से, तकनीकी का प्रयोग कर शिक्षा को सुलभ बनाया। जिसका परिणाम है कि टिहरी जिले के 12 छात्रों ने मेरिट में स्थान बनाकर जिले का नाम रोशन किया है। छात्र-छात्राओं को मिली कामयाबी पर उन्होंने बधाई दी है।
जारी-गंगादत्त थपलियाल