रुद्रप्रयाग। धनपुर पट्टी के ग्राम घण्डियालका में गढ़ माटी संगठन एवं उद्योग विभाग की ओर से आयोजित 21 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन हो गया। प्रशिक्षण में ग्रामीणों को मशरूम उत्पादन और खाद्य प्रसंस्करण का तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया ताकि वे स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकें। मुख्य अतिथि विधायक भरत सिंह चौधरी ने संगठन की पहल की सराहना करते हुए युवाओं और मातृशक्ति से स्वरोजगार अपनाने का आह्वान किया। संगठन की अध्यक्षा रंजना रावत नेगी ने प्रतिभागियों को आत्मविश्वास के साथ उद्यम शुरू करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए और उद्योग विभाग के प्रतिनिधियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर कोषाध्यक्ष दीपक सिंह नेगी और ग्राम प्रधान राकेश मोहन आदि मौजूद रहे। संवाद