बसुकेदार उप तहसील के जौला गांव के युवक पर भालू ने हमलाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवक ने पेड़ पर चढ़कर जान बचाई। जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम को जौला गांव निवासी महेशानंद (35) पुत्र कृष्णानंद जंगल में घास लेने गया था। इस दौरान झाड़ी में छुपे भालू ने हमला कर दिया। युवक हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। युवक पेड़ पर चढ़ गया और जान बचाई। घायल युवक ने मोबाइल पर परिजनों को घटना के बारे में बताया। इसके बाद उसे घर लाया गया। बुधवार को परिजन उसे जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग लेकर गए। युवक की हालत खतरे से बाहर है। उधर, घटना के बाद से गांव के लोगों में भय बना हुआ है।