रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ ब्लाक के खाट गांव में हरेला के तहत कीर्तन-भजन करती महिलाएं। गांव में हरेला उगाया गया और शनिवार को वृहद पौधारोपण भी किया गया।
- फोटो : Amar Ujala
कलेक्ट्रेट सहित जनपद के कई इलाकों में हरेला पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर जहां जगह-जगह पर विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण कर संरक्षण का संकल्प लिया गया। गांवों में हरेला उगाने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित कर ग्रीन एंबेंसडर भी चुना गया।
शनिवार को प्रात: 10 बजे कलेक्ट्रेट परिसर और निकटवर्ती क्षेत्र में पौधारोपण किया गया। इस मौके पर जिला जज, जिलाधिकारी डा. राघव लंगर, जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी राणा, सीडीओ डीआर जोशी, एसडीएम सदर मुक्ता मिश्रा, रुद्रप्रयाग वन प्रभाग के डीएफओ राजीव धीमान सहित विभागीय अधिकारियों ने फलदार व चौड़ी पत्ती के पौधों का रोपण किया।
जनपद में जखोली, अगस्त्यमुनि और ऊखीमठ के कई गांवों में ग्रामीणों व महिला मंगल दलों ने वृहद पौधारोपण किया। इस मौके पर हरेला पर्व के तहत गांवों में महिलाओं की ओर से हरेला से उगी टोकरियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसके आधार पर ग्रीन एंबेसडर चुनी गई। सरकारी व गैर सरकारी संस्थाओं और स्कूलों में भी हरेला के तहत विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण किया गया।