फोटो
रुद्रप्रयाग। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के प्रशिक्षण से जिले की ग्रामीण महिलाएं स्वरोजगार की राह पर आगे बढ़ रही हैं। दरमोला, जवाड़ी, मयकोटि और कुमोली गांवों में महिलाएं दीपावली के लिए दीपक, हर्बल धूप, अगरबत्ती और आकर्षक मोमबत्तियां तैयार कर रही हैं। दरमोला गांव में एनएलएम समूह की महिलाएं दीपक और हर्बल धूप बना रही हैं जबकि जवाड़ी में भी दीपावली से जुड़े उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। मयकोटि की महिलाएं विभिन्न डिजाइनों और रंगों की मोमबत्तियां बना रही हैं। प्रशिक्षण के बाद महिलाएं अपने गांवों में ही उत्पादन कर रही हैं जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार का अवसर मिल रहा है। साथ ही उनकी ओर से बनाए गए सामान को बाजार भी मिल रहा है। एसबीआई आरसेटी के निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि संस्थान ग्रामीण महिलाओं और युवाओं को हुनरमंद बनाकर स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास कर रहा है। प्रशिक्षण के साथ व्यवसाय शुरू करने के लिए मार्गदर्शन और बैंक ऋण संबंधी जानकारी भी दी जाती है। संवाद