गुप्तकाशी। ब्लॉक ऊखीमठ की ग्राम पंचायत ल्वारा में शिकायत के बाद भी मरम्मत न होने पर महिलाओं ने श्रमदान कर अस्थायी पुलिया बनाई। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर गांव की उपेक्षा का भी आरोप लगाया। ग्रामीणों ने कहा कि 28 अगस्त 2025 की आपदा में गांव को जोड़ने वाली पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई थी। मगर शिकायत के बाद भी इसका निर्माण नहीं किया गया।
ग्रामीण राजेंद्र प्रसाद शुक्ला ने बताया कि सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के दौरान भी मार्ग का निरीक्षण कराया गया था लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। ऐसे में महिलाओं ने खुद ही बीड़ा उठाकर अस्थायी रूप से पुलिया तैयार की। ग्राम प्रधान आशा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य वंदना, महिला मंगल दल अध्यक्ष शीला देवी और नवयुवक मंगल दल अध्यक्ष हरीश राणा आदि ग्रामीणों ने बताया कि गांव का मुख्य मार्ग होने के कारण रोजाना इसी पुलिया से जाते हैं। अब पुलिया बनने से आवाजाही आसान हो गई है। वहीं ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर यहां समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। संवाद