रुद्रपुर। स्पेशल टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट (एसटीएफ) ने पुलभट्टा थाना क्षेत्र में छापा मारकर 201 ग्राम स्मैक के साथ एक महिला और युवक को गिरफ्तार किया है। दोनों बरेली यूपी से स्मैक की खेप लाकर पुलभट्टा पहुंचे थे। बरामद स्मैक की बाजार कीमत 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
मामले का खुलासा करते हुए एसटीएफ कुमाऊं प्रभारी इंस्पेक्टर एमपी सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह मुखबिर ने बाइक सवार एक युवक और महिला के मीरगंज बरेली से स्मैक की खेप लेकर पुलभट्टा पहुंचने की सूचना दी थी। घेराबंदी कर पुलभट्टा स्थित गोला पुल के किनारे बाइक सवार एक युवक और महिला की तलाशी ली गई तो उनके पास से 201 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में दोनों ने अपना नाम गुलवेज खां निवासी नगरिया सादात मीरगंज जिला (बरेली) और रीना पत्नी आशू खान निवासी मीरगंज सिरौली चौराहा (बरेली) बताया। दोनों अभियुक्तों को पुलभट्टा थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों की बाइक को भी सीज कर दिया गया है।
टीम में एसआई विनोद जोशी, पंकज बेलवाल, हेड कांस्टेबल दीपक अरोरा, विरेंद्र चौहान, महेंद्र गिरी, गोविंद सिंह, गुरुवंत सिंह, दुर्गा सिंह, राजेंद्र मेहरा, भूपेंद्र मर्तोलिया और महिला कांस्टेबल राखी नारायण शामिल थे।
हर हफ्ते लाती थी स्मैक, डेढ़ साल पूर्व पति संग हुई थी गिरफ्तार
रुद्रपुर। पुलभट्टा क्षेत्र में पकड़ी गई स्मैक तस्कर रीना हर हफ्ते यूपी से स्मैक की खेप लेकर किच्छा क्षेत्र में पहुंचती थी। एक चक्कर के उसे पांच हजार रुपये और बाइक का तेल मिलता था।
पुलिस की पकड़ से बचने के लिए वह अपने रिश्तेदार गुलवेज के साथ आती थी। रीना का पति आशू भी स्मैक तस्करी करता था और डेढ़ साल पहले रीना पति के साथ गिरफ्तार भी हुई थी। तब उनके पास से पुलिस ने 15 ग्राम स्मैक बरामद हुई थी। पुलिस गुलवेज का रिकॉर्ड खंगाल रही है।
खटीमा और जसपुर में भी स्मैक के साथ दो धरे
खटीमा/जसपुर। कोतवाली पुलिस ने नानकमत्ता क्षेत्र से स्मैक लेकर यहां ग्राहक तलाश रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी से छह ग्राम स्मैक बरामद हुई। कोतवाली पुलिस के अनुसार रविवार देर रात करीब 1.50 बजे एसआई लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने टनकपुर रोड पर रोडवेज के पास एक गली में घेराबंदी कर एक व्यक्ति को दबोचा।
आरोपी लोहियाहेड रोड अमाऊं निवासी अजय कुमार शुक्ला की तलाशी लेने पर छह ग्राम स्मैक बरामद हुई। जिसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में नामजद रिपोर्ट दर्ज की। एसआई ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में इस धंधे में लगे लोगों के बारे में कुछ सुराग हाथ लगे हैं। इधर, जसपुर में एसएसआई ललित जोशी ने बताया कि रविवार शाम को मुखबिर की सूचना पर तहसील रोड, नई बस्ती में घेराबंदी कर एक युवक को दो ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। युवक ने पूछताछ में अपना नाम जावेद निवासी तहसील रोड नई बस्ती बताया। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। ब्यूरो
स्मैक और नशीली दवाओं के साथ दो धरे
नानकमत्ता। पुलिस टीम ने सोमवार को नशे के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने नानक सागर डैम पर स्थित नर्सरी के पास से स्मैक और प्रतिबंधित नशीली दवाई बेच रहे युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम सुखविंदर सिंह उर्फ सोनू निवासी सुंदरनगर बताया।
तलाशी में उसके पास करीब 4.86 ग्राम स्मैक और प्रतिबंधित दवाओं की 2,772 गोलियां और कैप्सूल मिलीं। वहीं, बहीपुर थाना बहेड़ी (बरेली) निवासी अयूब को 10.15 स्मैक के साथ हिरासत में लिया गया। दोनों का एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया।