केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद भी पुनर्निर्माण कार्य जोरों पर हैं। अगले वर्ष फरवरी में धाम में विंटर खेलों के आयोजन को लेकर भी सरकार ने हरी झंडी दे दी है।
रुद्रप्रयाग प्वाइंट से छानी कैंप तक करीब डेढ़ किमी के ढलान वाले क्षेत्र में स्कीइंग, ट्रेकिंग, स्नो ड्राइविंग सहित अन्य एडवेंचर से जुड़े खेलों का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश स्तरीय इन खेलों को लेकर प्रारंभिक स्तर पर तैयारियों को लेकर निम व जीएमवीएन से भी शासन से विचार-विमर्श हो गया है।
इधर, डीएम डा. राघव लंगर ने बताया कि केदारनाथ में विंटर गेम का निर्णय शासन स्तर पर लिया गया है। बीते वर्ष दिसंबर माह में निम की अगुवाई में देहरादून के दो ट्रैकिंग दल सोनप्रयाग से गांधी सरोवर तक गए थे।
स्केटिंग के लिए प्लानिंग शुरू
आने वाले समय में केदारनाथ में स्केटिंग प्रतियोगिता को लेकर भी विचार किया जा रहा है। यहां एमआई-26 हेलीपैड व अन्य एक-दो स्थानों पर बर्फ की स्थायी परत जमाने के लिए प्रारंभिक स्तर पर कार्य शुरू कर दिया गया है। निम के प्राचार्य कर्नल कोठियाल ने कहा कि स्केटिंग, विंटर गेम का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में केदारनाथ में इस खेल के आयोजन को लेकर विशेषज्ञों से विचार-विमर्श किया जा रहा है।
केदारनाथ में विंटर खेलों का आयोजन फरवरी में किया जाएगा। यहां पर्याप्त बर्फ और ढलानयुक्त बुग्याल क्षेत्र होने के कारण यह निर्णय लिया गया है। खेलों को लेकर कवायद शुरू कर दी गई है। - राकेश शर्मा, प्रधान मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री उत्तराखंड