द्वाराहाट में ग्राम पंचायत अधिकारी का उत्पीड़न करने वाले खंड विकास अधिकारी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एसोसिएशन ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है। बृहस्पतिवार से वीडीओ ने दो दिवसीय कार्य बहिष्कार शुरू करते हुए 11 अप्रैल से तालाबंदी का निर्णय लिया है।
विकास विभाग परिसर में एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष बीपीएस रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं का कहना था कि घटना के बाद से बीडीओ के खिलाफ शासन-प्रशासन व पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। निर्णय लिया गया कि नौ अप्रैल तक मामले में कार्रवाई नहीं होने पर 11 अप्रैल से तालाबंदी कर आंदोलन तेज किया जाएगा। इस सभी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी कार्य बहिष्कार के साथ विभागीय परिसर में धरने पर बैठ गए।
इस मौके पर अगस्त्यमुनि के ज्येष्ठ प्रमुख प्रबल सिंह, प्रधान संगठन के पूर्व अध्यक्ष विक्रम सिंह, भूतपूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष रविंद्र चौहान, ग्राम पंचायत केड़ा के ग्राम प्रधान रघुवीर लाल, बीरों-देवल के प्रधान मदन मोहन डिमरी और युवा कांग्रेस के विनोद राणा ने धरना स्थल पर पहुंचकर वीडीओ के आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने दोषी बीडीओ की गिरफ्तारी की मांग भी की। धरने पर बैठने वालों में प्रदीप लाल, आरती भंडारी, मनवर सिंह आदि ग्राम पंचायत विकास अधिकारी मौजूद थे।