अतिवृष्टि से परकंडी वार्ड में हुआ नुकसान, जिला पंचायत सदस्य ने सुरक्षा कार्य कराने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊखीमठ। अतिवृष्टि के कारण परकंडी वार्ड-चार के विभिन्न गांवों में कृषि भूमि, आवासीय भवनों और सड़कों को नुकसान पहुंचा है। पानी खेतों और घरों में घुस गया जबकि मार्ग का पुश्ता भी टूट गया। जिला पंचायत सदस्य प्रीति पुष्पवान ने उपजिलाधिकारी ऊखीमठ को पत्र भेजकर प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल निरीक्षण कर सुरक्षात्मक कार्य कराने की मांग की।
उन्होंने बताया कि भींगी-पल्द्वाड़ी के तनकिला, र्क्याक और पल्द्वाड़ी गांवों में बारिश का पानी कृषि भूमि और घरों में घुस गया है। पठाली-सेमला-पल्द्वाड़ी के बीच गैरी-पिलखिड़ी में मार्ग बाधित होने के साथ पुश्ता भी टूट गया है। वहीं सारी में शिव मंदिर के पास देवरियाताल पैदल मार्ग के आसपास भवनों के ऊपर भू-धंसाव की स्थिति बनी है। इसके अलावा क्यार्क बैंड से उथिंड जाने वाला मार्ग भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हुआ है। मक्कूमठ निवासी मुकुल मैठाणी ने बताया कि उनके खेतों में जलभराव से भारी नुकसान हुआ है। जिला पंचायत सदस्य ने प्रशासन से जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की। साथ ही जल निकासी की व्यवस्था तथा खेतों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा दीवार बनाने की मांग की है।