रक्षाबंधन के पावन पर्व की पूर्व रात्रि पर आयोजित अन्नकूट मेले के लिए विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी को फूल-मालाओं से सजाया गया है। उधर, केदारनाथ में भी अन्नकूट मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भतूज (अन्नकूट) मेले को लेकर पंचकेदार सांस्कृतिक मंच 11 गांव रामलीला समिति व व्यापार संघ गुप्तकाशी की ओर से विश्वनाथ मंदिर को 11 कुंतल फूलों से सजाया गया है। शनिवार रात से अन्नकूट मेला मनाया जाएगा। इस दौरान भगवान के स्वयंभू लिंग का पके अनाज से शृंगार किया जाएगा। मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए रातभर खुले रहेंगे। उधर, केदारनाथ में मुख्य पुजारी बागेश लिंग ने बताया कि शनिवार दोपहर बाद स्वयंभू लिंग का पके चावल, ज्वार व अन्य मोटे अनाज से शृंगार किया जाएगा। इसके बाद परंपरानुसार रात्रिभर मंदिर के कपाट खुले रहेंगे। रविवार सुबह स्वयंभू लिंग का शृंगार उतारकर गर्भगृह की साफ-सफाई कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी।