अस्पताल की मांग को लेकर त्रियुगीनारायण के ग्रामीणों का क्रमिक अनशन पांचवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान उन्होंने नेताओं पर वोट बैंक की राजनीति का आरोप लगाते हुए आंदोलन को दूसरा रूप देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में नई रणनीति के साथ आंदोलन तेज करते हुए तहसील व ब्लॉक मुख्यालय में भी प्रदर्शन किया जाएगा।
सोमवार को रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच ग्रामीण धरना स्थल पर डटे रहे। उनका कहना था कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के बाद जो उम्मीद जगी थी, वो 21 वर्ष बाद भी पूरी नहीं हो पाई है। सामाजिक कार्यकर्ता दिवाकर गैरोला ने कहा कि कुछ लोग ग्रामीणों के आंदोलन को दूसरा रूप देने का प्रयास कर रहे हैं, जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक मांगपूर्ति नहीं होती, वे आंदोलनरत रहेंगे। आंदोलनरत ग्रामीणों ने भजन गायिका समरजीत रंधावा के सहयोग के प्रति भी आभार जताया है। धरना स्थल पर ग्रामीणों ने एक स्वर में निर्णय लिया कि आगामी दिनों में आंदोलन को तेज करते हुए सोनप्रयाग से लेकर ऊखीमठ तक प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रियंका तिवारी, रजनीश गैरोला अनीता देवी, करन सेमवाल सहित अन्य महिलाएं व लोग मौजूद थे।