कार्यदायी संस्था के खिलाफ किया प्रदर्शन, लगाया जाम, लंबे समय से गांव तक सड़क निर्माण की कर रहे हैं मांग
रुद्रप्रयाग। ग्राम पंचायत सांदर के लिए स्वीकृत मोटर मार्ग का निर्माण नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच प्रशासन और भारत कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते बेलणी में निर्माणाधीन सुरंग के समीप जाम लगा दिया। उन्होंने एनएच व कार्यदायी कंपनी पर ग्रामीणों को गुमराह करने का आरोप भी लगाया है।
ग्राम प्रधान भूपेंद्र जगवाण के नेतृत्व में ग्रामीण प्रदर्शन करते हुए बेलणी स्थित निर्माणाधीन सुरंग पहुंचे, जहां उन्होंने रुद्रप्रयाग-पोखरी मोटर मार्ग पर जाम लगाते हुए वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से रोक दी। इस दौरान प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने एनएच व सुरंग का निर्माण कर रही कार्यदायी कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के लिए मोटर मार्ग निर्माण के लिए अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों को लगातार आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन सड़क का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। ग्राम प्रधान का कहना था कि जिस स्थान पर वर्तमान में सुरंग का निर्माण किया जा रहा है वहां पर पूर्व में ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग उठाई थी। इस पर तत्कालीन जिलाधिकारी, विधायक और ग्रीफ के कमान अधिकारी ने आश्वस्त किया था कि सांदर गांव के मांडा तोक में डंपिंग जोन बनाया जाएगा और वहां तक पहुंच के लिए दो किमी सड़क बनाई जाएगी।
परियोजना के दस्तावेजों में भी सांदर गांव के लिए दो किमी सड़क का उल्लेख है, लेकिन एनएच द्वारा अभी तक मोटर मार्ग का कार्य नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार की ओर से स्वीकृत सुरंग का निर्माण कार्य भी डीपीआर के अनुसार नहीं हो रहा है, इसलिए पूरे प्रकरण की जांच की जाए। प्रदर्शनकारियों में विजयपाल जगवाण, गुड्डी देवी, सुंदरा देवी, पूनम, बसंती देवी, लक्ष्मी देवी, अमित जगवाण, काजल जगवाण, कौशल्या देवी, कांता देवी, बिंद्रा देवी शामिल थे।