ऑलवेदर रोड परियोजना में निर्माणाधीन रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर गुप्तकाशी से सोनप्रयाग के बीच घटिया कार्य की जांच को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन 76वें दिन भी जारी है। उन्होंने शासन-प्रशासन व एनएच पर ग्रामीणों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले व पूर्व जिपं सदस्य राजाराम सेमवाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने शेरसी में धरना दिया। उन्हाेंने कहा कि जब तक मांगपूर्ति नहीं होती, वे आंदोलनरत रहेंगे। उन्होंने शासन, प्रशासन और एनएच पर जनता की मांगों को दरकिनार करने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने प्रभावितों को मुआवजा देने और घटिया कार्य में संलिप्त अधिकारियों व कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर प्रेम सिंह, त्रिलोक सिंह, सुमित अग्रवाल, विक्रम लाल, पीतांबर दत्त, अजय कुमार आदि मौजूद थे।