चोपता। तल्ला नागपुर क्षेत्र के ग्राम तड़ाग स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों की अस्थायी व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई है। विद्यालय में कक्षा एक से पांच तक 25 बच्चे हैं। यहां दो शिक्षिकाएं तैनात हैं लेकिन एक शिक्षिका के मातृत्व अवकाश पर होने से पठन-पाठन की जिम्मेदारी एक शिक्षिका पर आ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि कभी एक तो कभी दूसरे विद्यालय से शिक्षक भेजे जाने के कारण बच्चों की पढ़ाई में निरंतरता और समन्वय प्रभावित हो रहा है। प्रधान अखिलेश सिंह नेगी ने कहा कि अवकाश अवधि तक विद्यालय में एक शिक्षक की नियमित व्यवस्था की जाए ताकि बच्चों की पढ़ाई सुचारु रूप से चल सके। इधर जिला शिक्षा अधिकारी अजय चौधरी ने बताया कि शिक्षिका के अवकाश पर रहने के दौरान नजदीकी विद्यालयों से शिक्षकों को संबद्ध कर व्यवस्था करनी पड़ती है। उन्होंने बताया कि मातृत्व अवकाश के तहत छह महीने तक छुट्टी का प्रावधान है। शिक्षिका के कुछ समय बाद लौटने पर व्यवस्था सामान्य हो जाएगी।