टिमरिया गांव में पहुंचा वाहन, झूमे ग्रामीण
ग्राम पंचायत टिमरिया में पहली बार जब वाहन पहुंचा तो ग्रामीण गदगद हो उठे। इस मौके पर वाहन चालक का फूल-मालओं के साथ स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने मिष्ठान वितरण कर सड़क सुविधा से जुड़ने की खुशी जताई।
ब्लाक मुख्यालय से करीब 20 किमी की दूरी पर स्थित टिमरिया गांव के ग्रामीण भीरी से चार किमी पैदल दूरी तय कर अपने घरों को पहुंचते थे। जून 2013 की आपदा से बदहाल रास्ते पर हर समय खतरा बना रहता था। अब उनकी यह मुश्किल हल हो गई है। गांव तक सड़क पहुंचने के साथ ही उस पर स्थानीय स्तर पर यातायात भी शुरू हो गया है।
एक दशक पहले स्वीकृत 4.5 किमी हल्का मोटर मार्ग गिवाड़ी गांव-टिमरिया-बरम्वाड़ी का निर्माण पूरा हो गया है। यहीं नहीं, शुक्रवार को मार्ग पर भीरी से दो छोटे वाहन और एक मोटर साइकिल गांव पहुंची। यह दृश्य देख ग्रामीण अपने घरों से दौड़े सड़क में पहुंचे और एक-दूसरे को गले मिलकर बधाई देने लगे। पूर्व प्रधान रघुवीर सिंह नेगी ने बताया कि पहले दिन भीरी से दोनों छोटे वाहनों ने दो-दो चक्कर गांव के लगाए हैं। इस मौके पर महेंद्र सेमवाल, सुलोचना देवी, प्रभा देवी, कपिल देव, विक्रम सिंह रावत, दिगंबर सिंह रावत आदि मौजूद थे।
ग्रामीणों ने नहीं लिया मुआवजा
‘मुआवजा नहीं, सड़क दो’ का नारा लगाने वाले टिमरिया के ग्रामीण अपनी बात पर आखिरी तक अडिग रहे। टिमरिया वल्ली व पल्ली के 42 परिवारों ने सड़क निर्माण के दौरान कटान व दबान में नष्ट हुई अपनी कृषि भूमि का विभाग से मुआवजा नहीं लिया। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी मांग सड़क की थी, जो उन्हें मिल गई है।
4.5 किमी हल्का मोटर मार्ग का निर्माण पूरा कर दिया है। कुछ स्थानों पर छिटपुट कार्य रह गए हैं, जो त्वरित पूरे कर दिए जाएंगे।- मनोज दास, ईई, लोनिवि ऊखीमठ