रेस्क्यू दल ने पांडव सेरा ट्रैक के ऊपर लापता ट्रैकर व पोर्टर की खोजबीन करते हुए सैटेलाइट फोन के जरिए उनके मोबाइल पर संपर्क किया। लेकिन खराब मौसम के कारण चॉपर वहां लैंड नहीं कर पाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि चार ट्रैकर हैं, जो मीडिया से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। उनके साथ रांसी गांव के तीन पोर्टर हैं, सभी सुरक्षित हैं। चॉपर के माध्यम से रेस्क्यू दल ने लापता लोगों के बारे में जानकारी जुटा ली है। रविवार को रांसी से भी कुछ लोग जा रहे हैं। साथ ही चॉपर के जरिए इन ट्रैकर तक भोजन पहुंचाया जाएगा। मौसम सामान्य रहा था तो रविवार तक इन्हें मद्महेश्वर लाया जा सकता है।
इधर, पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने बताया मद्महेश्वर से पांडवसेरा तीन दिन का ट्रैक है, जिस पर सात ट्रैकरों फंसे होने की सूचना है। वहां बर्फबारी व मौसम खराब होने की वजह से ट्रैकर, ट्रैकिंग नहीं कर पाए। एसडीआरएफ की टीम सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत पांडवसेरा ट्रैक पर खोजबीन कर ट्रैकर से संपर्क कर लिया है। बताया कि ये 21-22 मई को मद्महेश्वर पहुंचे थे।