रुद्रप्रयाग। जिले के ऊखीमठ क्षेत्र में पहली बार आईपीएल की तर्ज पर ऊखीमठ प्रीमियर लीग (यूपीएल) का आयोजन 28 नवंबर से किया जाएगा। प्रतियोगिता में क्षेत्र की 10 टीमें हिस्सा लेंगी। अब तक लीग में 280 खिलाड़ियों का पंजीकरण किया गया है। टीमों का गठन 15 नवंबर को होने वाले ऑक्शन के जरिये किया जाएगा।
लीग के संयोजक गणेश वर्मा के अनुसार प्रतियोगिता में केवल ऊखीमठ तहसील के खिलाड़ी ही प्रतिभाग करेंगे। आयोजकों ने खिलाड़ियों के चयन से लेकर मैचों के प्रसारण तक की तैयारी की है। सभी मुकाबले लाइव स्क्रीन पर दिखाए जाएंगे और उनकी लाइव स्कोरिंग भी होगी। आयोजकों की योजना मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रारूप में करने की है। आयोजकों का कहना है कि लीग का उद्देश्य स्थानीय क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देना और युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना है। प्रतियोगिता के जरिये क्षेत्रीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।