अगस्त्यमुनि। गढ़ केसरी अनसूया प्रसाद बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि के राष्ट्रीय सेवा योजना के दो स्वयंसेवियों का 21 से 27 जनवरी तक होने वाले राष्ट्रीय एकता शिविर के लिए चयन हुआ है। यह शिविर असम राज्य के जोरहाट स्थित कृषि विश्वविद्यालय में होगा जिसमें उत्तराखंड के अलग-अलग उच्च शिक्षण संस्थाओं से 10 स्वयंसेवी शामिल हैं। पीजी कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना के नोडल प्रभारी डॉ. विष्णु कुमार शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय एकता शिविर के लिए बीए तृतीय सेमेस्टर की अभिधा भट्ट और गणेश गोस्वामी का चयन हुआ है। शिविर में स्वयंसेवियों की ओर से उत्तराखंड की कला, संस्कृति, परंपरा, भाषा, लोक-कहावतें, कविताओं, वेशभूषा और खानपान से अन्य को अवगत कराएंगे। प्राचार्य प्रो. केसी दुतपुड़ी ने कहा कि राष्ट्रीय एकता शिविर में कॉलेज से दो छात्र-छात्राओं का चयन गौरव की बात है। संवाद