रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर खोए दो यात्रियों के बैग पुलिस ने बरामद कर सुरक्षित उनके सुपुर्द किए। एक बैग में करीब एक लाख रुपये की नकदी और दूसरे में करीब छह हजार रुपये समेत जरूरी सामान था।
केदारनाथ में एक स्थानीय तीर्थ पुरोहित ने पुलिस को सूचना दी कि उनके यजमान श्रद्धालु का करीब एक लाख रुपये नकद, मोबाइल और अन्य जरूरी सामान से भरा बैग खो गया है। सूचना पर ड्यूटी में तैनात आरक्षी मनोज राणा और अन्य पुलिसकर्मियों ने खोजबीन शुरू की। पुलिस ने बैग बरामद कर संबंधित श्रद्धालु को सौंप दिया। वहीं 29 सितंबर को चौकी भीमबली क्षेत्र में पुलिस को एक लावारिस बैग मिला था। बैग से आधार कार्ड और नकदी मिली। आधार कार्ड के आधार पर यात्री की पहचान किरणमय हाजरा निवासी बोलपुर, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई। पुलिस ने उनसे संपर्क किया। बृहस्पतिवार को किरणमय हाजरा चौकी भीमबली पहुंचे जहां पुलिस ने करीब छह हजार रुपये नकद और अन्य सामान समेत उनका बैग सुरक्षित लौटा दिया। संवाद