बच्छणस्यूं पट्टी के नौना, दानकोट व नौखू गांव के ग्रामीणों ने निर्माणाधीन नौखू-दानकोट मोटर मार्ग का निर्माण जल्द पूरा करने की मांग की है। वर्ष 2010-11 में जिला योजना में नौखू-नौना-दानकोट मोटर मार्ग स्वीकृत किया गया था। लोनिवि प्रांतीय खंड रुद्रप्रयाग ने वर्ष 2014 में खांकरा-कांडई-खेड़ाखाल-खिर्सू मोटर मार्ग पर जीआईसी पित्रधार के समीप से मार्ग का निर्माण शुरू किया। लेकिन सात वर्ष में सिर्फ पौने दो किमी ही सड़क कट पाई है, जो खस्ताहाल हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि लोनिवि के अधिकारियों को कई बार अवगत कराने पर भी मोटर मार्ग का कार्य न तो पूरा किया जा रहा और न भूस्खलन जोन में सुरक्षा के इंतजाम हो रहे हैं। उन्होंने विभाग से प्राथमिकता के तौर पर निर्माणाधीन ढाई किमी मार्ग का निर्माण पूरा करने की मांग की है।