रुद्रपुर। डीएम डॉ. नीरज खैरवाल की अध्यक्षता में रुद्रपुर में ट्रांसपोर्ट नगर के लिए जमीन चिह्नित करने के लिए कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई।
डीएम ने कहा कि रुद्रपुर में ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना आने वाले समय के यातायात को ध्यान में रखते हुए की जाएगी। इसके लिए कम से कम 50 एकड़ जमीन चाहिए। उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर के लिए जमीन चिह्नित करने के लिए कमेटी गठित की है, जिसमें विधायक राजकुमार ठुकराल, एआरटीओ पूजा नयाल, एसडीएम मुक्ता मिश्र, एसपी प्रमोद कुमार व एसएलओ नरेश दुर्गापाल को शामिल किया गया।
डीएम ने कहा कि समिति के सदस्य एएनझा इंटर कॉलेज की भूमि को देखकर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। यदि रुद्रपुर में नजूल या सरकारी भूमि कहीं पर 50 एकड़ से अधिक है उसका भी सर्वे कर लिया जाए।
ट्रांसपोर्टनगर के भीतर का रास्ता 60 फीट चौड़ा होना चाहिए। ट्रांसपोर्ट नगर बनने के बाद उसकी देखभाल नगर निगम रुद्रपुर करेगा ताकि नगर निगम की आय भी बढ़ सके। कहा कि इस संबंध में हल्द्वानी व देहरादून ट्रांसपोर्ट नगर की भी विस्तृत जानकारी ली जाए। एनएच चौड़ीकरण की जद में जो लोग आ रहे हैं उन्हें बसाने के लिए वेंडिंग जोन की जरूरत है। इसके लिए बीएचईएल के समीप नजूल भूमि का भी सर्वे कराया जाए।
विधायक ठुकराल ने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखने के साथ ही मामला विधानसभा में भी उठाया था। वहां पर एमएनए जय भारत सिंह, एआरटीओ पूजा नयाल, एसपी ट्रैफिक प्रमोद कुमार, एसएलओ नरेश दुर्गापाल, एसडीएम मुक्ता मिश्रा मौजूद रहे।