एसपी को ज्ञापन भेजकर जल्द गिरफ्तारी की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊखीमठ। नगर के सर्राफा कारोबारी प्रमोद शाह के घर हुई आभूषणों की चोरी का खुलासा नहीं होने पर व्यापारियों में नाराजगी है। शनिवार को नगर उद्योग व्यापार मंडल ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भेजकर मामले का शीघ्र खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव भट्ट ने बताया कि 18-19 जून की रात को चोरों ने घर से सोने के आभूषण चुरा लिए थे। घटना को करीब दस दिन बीत चुके हैं लेकिन अभी तक न तो आरोपियों का पता लग पाया है और न ही चोरी का सामान मिल पाया है। व्यापारियों ने बाजार और नगर क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने, बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का सत्यापन करने, आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में व्यापार मंडल के महामंत्री महेश बर्त्वाल, जयप्रकाश, डॉ. आशुतोष पंवार और महेश सिंह आदि व्यापारी शामिल रहे।