विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और मेडल देकर किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
अगस्त्यमुनि। बहुउद्देशीय सांस्कृतिक कला मंच में जिला स्तरीय विद्यालयी क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान गुरुकुल नेशनल स्कूल के छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि ऐश्वर्या ने कहा कि अगस्त्यमुनि खेल मैदान का संबंध अगस्त्य ऋषि महाराज से है। जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से खेल मैदान के समतलीकरण का कार्य जल्द कराया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों की सुविधा के लिए दौड़ का ट्रैक विकसित करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में ब्लॉकों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने लंबी कूद, चक्का फेंक, दौड़ और कबड्डी प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कार्तिक स्वामी समिति अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी, हर्षवर्धन बेंजवाल, प्रारंभिक शिक्षा संघ अध्यक्ष विक्रम झिंकवाण, जिला खेल समन्वयक प्रारंभिक शिक्षा हनीफ सिद्दीकी, अगस्त्यमुनि ब्लॉक समन्वयक मुरारी राज, दीपेंद्र बिष्ट आदि मौजूद रहे।