डॉ. टीडी रखोलिया, पीएमएस, जिला अस्पताल।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। जिला अस्पताल में कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए अब पैथोलॉजी लैब से ट्रू नेट मशीनों को निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में शिफ्ट कर दिया है। जबकि जिला अस्पताल की तीन ट्रू नेट मशीनों से एक खटीमा नागरिक अस्पताल को भेज दी गई है। काशीपुर संयुक्त चिकित्सालय को भी कोरोना जांच के लिए एक ट्रू नेट मशीन मिल गई है।
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. टीडी रखोलिया ने जिला अस्पताल में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। डॉ. रखोलिया ने बताया कि अब तक ट्रू नेट मशीन से कोरोना की जांच जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में हो रही थी। जिस कारण कर्मचारियों व अन्य मरीजों के भी संक्रमित होने की आशंका थी।
दो माइक्रो बायोलॉजिस्ट की हुई नियुक्ति
रुद्रपुर। मेडिकल कॉलेज भवन में आरटीपीसीआर लैब शुरू करने की कवायद तेज हो गई है। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि लैब में दो माइक्रो बायॉलोजिस्ट की नियुक्त हो गई है। दोनों को प्रशिक्षण के लिए हल्द्वानी भेजा गया है। इसके साथ ही खटीमा में तैनात एक पैथोलॉजिस्ट को रुद्रपुर में तैनात कर दिया है।