जिला सभागार में आयोजित सम्मानित समारोह में उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल में 25वीं रैंक प?
- फोटो : RUDRAPRYAG
इस वर्ष उत्तराखंड बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड और आईसीएससी बोर्ड में इंटरमीडिएट व हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप 30 छात्र-छात्राओं को डीएम मंगेश घिल्डियाल ने प्रतीक चिन्ह व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। जबकि बोर्ड परीक्षाओं में सर्वोच्च स्थान पाने वाली सभी बालिकाओं को पांच-पांच हजार रुपये के चेक दिए गए। इसके वाला बाल विकास विभाग द्वारा भी जिले के 9 विद्यालयों को शत-प्रतिशत बालिका नामांकन के लिए दस हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
जिला सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में डीएम घिल्डियाल ने उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की श्रेष्ठता सूची में शामिल 20 छात्र-छात्राओं के अलावा सीबीएसई बोर्ड के 9 और आईसीएससी बोर्ड की एक मेधावी को सम्मानित किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि रुद्रप्रयाग जनपद के विद्यार्थियों ने प्रदेश स्तर पर अपनी छाप छोड़ी है। इसके लिए उनके गुरुजन व अभिभावक बधाई के पात्र हैं। प्रदेश में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी अन्य छात्र-छात्राओं के लिए रोल मॉडल है। उन्होंने ने 10 वीं व 12वीं उत्तीर्ण कर चुके बच्चों को अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम के लिए प्रेरित किया। मुख्य चिकित्साधिकारी चित्रानंद काला ने सभी मेधावी छात्रों को बधाई देते हुए उन्हें उज्जवल भविष्य की कामना की। समारोह में बाल विकास विभाग द्वारा बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली सभी बालिकाओं को पांच-पांच हजार रुपये के चेक भी प्रदान किए गए। समारोह में अपर जिलाधिकारी अरविंद पांडे, डीपीओ हिमांशु बडोला, डीईओ माध्यमिक एलएस दानू, जिला सेवायोजन अधिकारी कपिल पांडे, विद्यालयों के प्रधानाचार्य/शिक्षक, मेधावी छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद थे।