राजीव गांधी खेल अभियान के तहत युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता में ग्राम पंचायत तुलंगा चैंपियन रहा।
खो-खो बालक वर्ग में किमाणा ने बाजी मारी। जबकि वॉलीबाल ओपन का खिताब दैड़ा व अंडर-16 में ग्राम पंचायत सारी ने जीत दर्ज कर ट्राफी अपने नाम की।
यहां जीआईसी के मैदान में आयोजित प्रतियोगिता में कबड्डी अंडर-16 बालक वर्ग में डा. जैक्सवीन नेशनल पब्लिक स्कूल गुप्तकाशी प्रथम रहा।
3 हजार व 4 सौ मीटर मीटर दौड़ बालक वर्ग में ग्राम पंचायत तुलंगा के प्रदीप व आशीष क्रमश: प्रथम व द्वितीय रहे। 800 मीटर दौड़ बालक वर्ग में तुंलगा के देवेंद्र व ऊखीमठ के आनंद क्रमश: प्रथम व द्वितीय रहे। 15 सौ मीटर दौड़ बालिका वर्ग में तुलंगा की नीलम अव्वल रहीं।
गोला फेंक बालक वर्ग में तुलंगा के नवीन प्रथम व किमाणा के मयंक द्वितीय रहे। बालिका वर्ग में गड्गू की योगिता अव्वल रही। चक्का फेंक बालक वर्ग में थल्या के नवीन प्रथम रहे। विजयी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि ऊखीमठ के ब्लाक प्रमुख संत लाल शाह ने ट्राफी व शील्ड प्रदान कर पुरस्कृत किया।
इस मौके पर बीडीओ डीएन सकलानी, युवा कल्याण अधिकारी यूसी बहुगुणा, पूर्व प्रमुख एलपी भट्ट, पंकज पंवार, जीतेंद्र रावत आदि मौजूद थे।