हाईकोर्ट के आदेश के क्रम में कोरोना संक्रमण के रोकथाम के लिए गठित जिला निगरानी समिति की बैठक सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अविनाश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई। इसमें कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर कई बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्राधिकरण सचिव अविनाश श्रीवास्तव ने कहा कि जिले में आरटीपीसीआर, एंटीजन और ट्रू नेट की सैंपलिंग को और बढ़ाने की जरूरत है। भारत सरकार और शासन की गाइडलाइन जैसे मास्क पहनना, सामाजिक दूरी आदि का पालन अभी भी बड़ी संख्या में लोग नहीं कर रहे हैं। इसके अनुपालन कराने के लिए प्रशासन को थोड़ा सख्त होने की आवश्यकता है।
ऐसे स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाए जाएं, जहां आम जनता का आना जाना अधिक हो। एसीएमओ डॉ. अविनाश खन्ना ने बताया कि जिले में वर्तमान में 17 कंटेनमेंट जोन हैं, जो खटीमा में हैं। होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों की नियमित देखभाल की जा रही है। कलेक्ट्रेट प्रभारी नरेश चंद्र दुर्गापाल ने बताया कि कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
इससे होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों से वीडियो कॉल के माध्यम से वार्ता कर स्वास्थ्य का हाल भी लिया जाता है। एसपी क्राइम प्रमोद कुमार ने बताया कि जिले में सीपीयू की दो यूनिट, ट्रैफिक पुलिस की दो यूनिट, पांच सीओ एवं 17 थानों की पुलिस की ओर से जिले में लगातार जागरूक अभियान चलाया जा रहा है।
एमवी एक्ट में 45 हजार चालान और साढ़े तीन हजार वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की गई है। वहां एडीएम उत्तम सिंह चौहान, जिला बार एसो. के अध्यक्ष दिवाकर पांडे, एआरटीओ संदीप सैनी, डीडीओ अजय सिंह, डीडीएमओ उमेश सिंह नेगी, सुभाष गुप्ता, हरपाल सिंह आदि थे।
कोरोना को हराने के लिए सामाजिक दूरी, मास्क का इस्तेमाल जरूरी
रुद्रपुर। जिले में कोरोना पॉजिटिव केसों का आंकड़ा छह हजार के पार पहुंच चुका है। सीएमओ डॉ. देवेंद्र सिंह पंचपाल ने जिला वासियों से कोरोना को हराने के लिए सामाजिक दूरी के नियमों का अनुपालन और हमेशा मास्क का इस्तेमाल करने की अपील की है। बताया कि सोमवार को जिले में कोरोना जांच के लिए कुल 1750 लोगों के सैंपल लिए गए।
इनमें आरटीपीसीआर के 1431 और ट्रू नेट मशीन और रैपिड एंटीजन किट से 319 सैंपल लिए गए। सीएमओ ने कहा कि जिले में कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या छह हजार से अधिक पहुंच चुकी है, जिनमें से करीब पांच हजार लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट भी लगातार सुधर रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचने का सबसे आसान तरीका सामाजिक दूरी के नियमों का पालन और सदैव मास्क का इस्तेमाल है। घरों से बाहर निकलते समय हमेशा मास्क पहनें। किसी प्रकार की समस्या होने पर कंट्रोल रूम के नंबर पर संपर्क करें।
जिले में 70 लोग मिले कोरोना पॉजिटिव
रुद्रपुर। जिले में सोमवार को 70 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संक्रमितों को नियमों के अनुसार होम और संस्थागत आइसोलेट कर दिया है। कोविड-19 के जिला नोडल अधिकारी डॉ. अविनाश खन्ना ने बताया कि सोमवार को काशीपुर और खटीमा ब्लॉक में 13-13 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। बाजपुर में सबसे अधिक 21 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। वहीं रुद्रपुर में 11 लोग, सितारगंज में एक, गदरपुर में पांच और जसपुर में छह लोग संक्रमित मिले। ब्यूरो