भीरी-ककोला मार्ग पर रात में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग जिले के भीरी-ककोला मार्ग पर बुधवार रात एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में तीन युवा सवार थे। सूचना मिलने पर पुलिस व एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचे और तीनों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना 22 अप्रैल बुधवार देर रात की है। कोतवाली ऊखीमठ प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी ने बताया कि मध्यरात्रि में सूचना मिली कि भीरी से औरिंग जा रहा वाहन भीरी-ककोला मार्ग पर अनियंत्रित होकर 250 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा। सूचना पर ऊखीमठ से व एसडीआरएफ पोस्ट अगस्त्यमुनि से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पंवार के नेतृत्व में टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। गहरी खाई और रात का समय होने के बाद भी पुलिस व एसडीआरएफ के जवान खाई में उतरे और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को खाई से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी ने बताया कि वाहन में सवार तीन लोगों नवीन सिंह पुत्र सुरेन्द्र सिंह (30) निवासी औरिंग, अंशुल (28) पुत्र धनपाल, निवासी सुरसाल और अमित सिंह (35) पुत्र आनंद सिंह निवासी सुरसाल की मौके पर मौत हो गई। तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए गए हैं। वाहन अनियंत्रित होने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
- परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
रुद्रप्रयाग। तीनों युवकों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सुरसाल निवासी अमित सिंह गांव में दुकान चलाते थे। वह अपने पीछे दो बेटियां और पत्नी को छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार पर संकट आ गया है। वहीं औरिंग निवासी नवीन सिंह अविवाहित थे और वाहन चालक के रूप में परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वह घर के बड़े बेटे थे। उनका छोटा भाई फौज में है जबकि घर में मां और दादी हैं। अंशुल दिल्ली में काम करता था और परिवार में सबसे छोटा बेटा था। तीनों युवकों की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक है। संवाद