ऊखीमठ। तृतीय केदार तुंगनाथ के कपाट छह नवंबर शुक्रवार को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद करने की प्रक्रिया को लेकर मंदिर समिति एवं हक-हकूकधारियों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बृहस्पतिवार को शीतकालीन गद्दीस्थल मर्कटेश्वर मंदिर से हक-हकूकधारी ग्रामीण भगवान तुंगनाथ के बुलावे के लिए पहुंचेंगे। कपाट बंद करने की प्रक्रिया गद्दीस्थल मर्कटेश्वर मंदिर से शुरू होगी। तुंगनाथ मंदिर के मठाधीश मुकेश मैठाणी ने बताया कि परंपरानुसार ढोल-दमाऊं के साथ मक्कू गांव के हक-हकूकधारी ग्रामीण कपाट बंद होने के बाद शीतकालीन गद्दी स्थल पर बुलावा देने के लिए पहुंचेंगे। इसके बाद शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ तुंगनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।