ऊखीमठ। द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर की चल उत्सव विग्रह डोली अपने अंतिम रात्रि प्रवास के लिए गिरिया गांव पहुंच गई है। बृहस्पतिवार को डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी। डोली आगमन को लेकर मंदिर समिति ने ओंकारेश्वर मंदिर को साढ़े पांच क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है।
बुधवार को मद्महेश्वर की चल उत्सव विग्रह डोली ने राकेश्वरी मंदिर रांसी से सुबह साढ़े सात बजे प्रस्थान किया। इससे पूर्व मुख्य पुजारी शिवशंकर लिंग ने भोग मूर्तियों की विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती उतारी। परंपराओं के निर्वहन के बाद डोली ने राकेश्वरी मंदिर की परिक्रमा की और उनियाणा, राऊलेंक, बुरूवा एवं मनसूना होते हुए दोपहर ढाई बजे गिरिया गांव पहुंची। यहां ग्रामीणों ने भगवान मद्महेश्वर की डोली का सामूहिक अर्घ्य लगाकर भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर मंदिर समिति के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डीएस भुजवाण, देवरा प्रभारी किशन त्रिवेदी, डोली प्रभारी दीपक पंवार, सरपंच यशवंत सिंह बिष्ट,ग्राम प्रधान नीमा थपलियाल, मिथिला देवी, अनूप पंवार, शिवानंद पंवार एवं वीरेंद्र पंवार सहित अन्य मौजूद रहे। संवाद