फाटा। श्राद्ध पक्ष संपन्न होने और शारदीय नवरात्र शुरू होने के साथ ही केदारनाथ की यात्रा में तीर्थयात्रियों की संख्या में गिरावट आने लगी है। लगातार बढ़ रही ठंड और केदारघाटी में शाम के समय हो रही बारिश को इसका प्रमुख कारण माना जा रहा है। यात्रा के शुरुआती दौर में जहां प्रतिदिन 20 से 25 हजार तीर्थयात्री बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे थे। वहीं अब यात्रा के अंतिम चरण में यह संख्या घटकर करीब एक हजार से डेढ़ हजार तक रह गई है।
यात्रा सीजन के दौरान वाहनों से भरी रहने वाली सोनप्रयाग पार्किंग भी करीब 60 फीसदी खाली पड़ी है। यात्रियों की घटती संख्या का असर स्थानीय कारोबारियों के साथ ही घोड़े-खच्चर संचालकों और अस्थायी टेंट व्यवसायियों पर भी पड़ने लगा है। यात्रा सीजन के अंतिम चरण में कई घोड़े-खच्चर संचालक और टेंट व्यवसायी सामान समेटकर घरों की ओर लौटने लगे हैं। व्यवसायी जितेंद्र सिंह ने बताया कि अब लगातार बढ़ रही ठंड और तीर्थयात्रियों की संख्या में आई कमी को देखते हुए उन्होंने सामान समेटना शुरू कर दिया है। संवाद