प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत उत्तराखंड में संपर्क मोटर मार्ग पर पहले डबल लेन पुल का निर्माण किया जाएगा। रुद्रप्रयाग में हाट-बष्टी मोटर मार्ग पर मंदाकिनी नदी पर इस 100 मीटर लंबे पुल का निर्माण जल्द शुरू होगा। इसके लिए 28.39 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत हाट-बष्टी मोटर मार्ग को रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे से जोड़ने के लिए मंदाकिनी नदी पर 100 मीटर स्पान पुल की स्वीकृति मिली है। उत्तराखंड में संपर्क मोटर मार्ग पर बनने वाला यह पहला डबल लेन पुल होगा। इस पुल को अगले 100 वर्ष के हिसाब से डिजाइन किया गया है। अधिकारियों के अनुसार पुल के निर्माण से पहले इसका एक खाका तैयार किया जाएगा। इसमें सभी कमियों को दूर करने के बाद स्थायी निर्माण होगा। दो-तीन माह में पुल निर्माण से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
गौरतलब है कि वर्ष 2002 में बसुकेदार के हाट, अरखुंड, नैली, डालसिंगी, बीरों, देवल, बष्टी आदि गांवों को यातायात से जोड़ने के लिए बांसबाड़ा-हाट-बष्टी मोटर मार्ग स्वीकृत किया गया था। एक दशक पहले पुल का निर्माण पूरा हो चुका है। मार्ग पर एक छोर से दूसरे छोर तक डामरीकरण भी हो चुका है लेकिन मंदाकिनी नदी पर प्रस्तावित पुल नहीं बनने से ग्रामीणों को अगस्त्यमुनि पहुंचने के लिए 35 किमी दूरी तय करनी पड़ती है। लोनिवि ने पिछले साल दोबारा पुल का नया डिजाइन तैयार कर 19 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा था। सामाजिक कार्यकर्ता सतेंद्र सिंह पडियार, पूर्व ग्राम प्रधान रामचंद्र गोस्वामी ने बताया कि पुल बनने से उनके गांवों से अगस्त्यमुनि की दूरी सिर्फ दस किमी रह जाएगी।
हाट-बष्टी संपर्क मोटर मार्ग पर 100 मीटर स्पान का डबल लेन पुल बनेगा। शासन से इसके लिए धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। जल्द ही विभागीय स्तर पर अन्य औपचारिकताएं पूरी कर निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
-विजयपाल सिंह नेगी, सहायक अभियंता, पीएमजीएसवाई, रुद्रप्रयाग