रुद्रप्रयाग। सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी सहित जनपद स्तरीय अधिकारी अलग-अलग ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करेंगे। इसके लिए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए है।
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मई माह के लिए 46 अधिकारियों को विभिन्न ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निर्धारित रोस्टर के अनुसार जिलाधिकारी विशाल मिश्रा विकास खंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत मालतोली का भ्रमण कर ग्रामीणों के साथ बैठक करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। वहीं मुख्य विकास अधिकारी ग्राम पंचायत कोठगी, उप वन संरक्षक रजत सुमन ग्राम पंचायत पीड़ा तथा अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा विकास खंड जखोली की ग्राम पंचायत जवाड़ी में स्थलीय निरीक्षण एवं ग्रामीणों के साथ बैठक करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित एवं स्थानीय स्तर पर समाधान करना है।