रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में तीर्थ पुरोहितों का धरना-प्रदर्शन छठवेें दिन भी जारी रहा। उन्होंने मास्टर प्लान व देवस्थानम बोर्ड को भंग करने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। अन्यथा वे आमरण अनशन के लिए बाध्य होंगे।
केदारसभा के अध्यक्ष विनोद शुक्ला के नेतृत्व में धाम में तीर्थ पुरोहित व हक-हकूकधारियों ने मंदिर परिसर में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि चारधाम के तीर्थ पुरोहित बोर्ड का गठन से पहले ही विरोध करते आ रहे हैं, लेकिन उन्हें विश्वास में लिए बगैर सरकार ने बोर्ड का गठन किया, जो मंजूर नहीं है। उन्होंने कोरोना संक्रमण के बीच जारी यात्रा का भी विरोध किया। धरना देने वालों में गणेश अवस्थी, रामप्रसाद शुक्ला, अजय प्रसाद, अंकुर शुक्ला, सौरभ, हिमांशु, आलोक, पंकज, सकीर कुमार, सुरेश तिवारी आदि मौजूद थे।