अगस्त्यमुनि। श्री अगस्त्य रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला की षष्ठम रात्रि में सूर्पणखा की नाक कटने, खर-दूषण वध, स्वर्ण मृग प्रसंग और सीता हरण की लीला का मंचन किया गया। सूर्पणखा के अभिनय और प्रभावशाली संवादों ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। खर-दूषण के अभिनय को भी दर्शकों ने सराहा।
लीला के दौरान कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय से दर्शकों को कथा से जोड़े रखा। स्वर्ण मृग प्रसंग और सीता हरण के मंचन ने रामभक्तों को भावविभोर कर दिया। देर रात तक दर्शक लीला का आनंद लेते रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत ने रामलीला मंच निर्माण की घोषणा को पूरा करने के प्रयासों के साथ क्षेत्र के अधूरे विकास कार्यों को पूरा कराने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने खेल मैदान के समतलीकरण का कार्य जल्द कराने का आश्वासन भी दिया।
रामलीला समिति ने मंच निर्माण की घोषणा पूरी करने का आग्रह करते हुए आयोजन में सहयोग देने वाले अतिथियों, कलाकारों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। इस मौके पर कार्तिक स्वामी समिति के अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमा असवाल, डॉ. गिरीश रावत, डॉ. विकास सिंह, सुशील गोस्वामी, कमलकांत सेमवाल, ललिता रौतेला और बप्पी कंडारी सहित अन्य मौजूद रहे।
राजेश सेमवाल