2011 बैच के आईपीएस व 2012 बैच के आईएएस मंगेश घिल्डियाल ने रुद्रप्रयाग जनपद के 23वें जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को बढ़ावा देने की बात कही। कहा कि विभागीय कार्यों में पारदर्शिता लाई जाएगी, जिससे आम जन को भी पता लगे कि किस स्तर पर और किसके द्वारा कार्य किया जा रहा है।
दोपहर बाद जिला मुख्यालय पहुंचे डीएम घिल्डियाल का एसडीएम तीरथ पाल सिंह व एसडीएम सदर मुक्ता मिश्रा ने स्वागत किया। पत्रकारों से बातचीत में डीएम ने कहा कि केदारनाथ यात्रा का सफल संचालन उनकी पहली प्राथमिकता है।
यात्रा पड़ावों और केदारनाथ में व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद किया जाएगा। विभागीय तंत्र को मजबूत करने के लिए तकनीक की मदद भी ली जाएगी, ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके। जनपद पौड़ी के धुमाकोट क्षेत्र के मूल निवासी घिल्डियाल की माध्यमिक शिक्षा गृह क्षेत्र में ही हुई।
डिग्री कालेज रामनगर से बीएसएसी और पीजी कालेज अल्मोड़ा से स्नातक करने के बाद उनका चयन बतौर वैज्ञानिक डीआरडीओ में हुआ। तीन वर्ष की नौकरी के उपरांत वर्ष 2011 में उनका चयन आईपीएस में हुआ और एक वर्ष के बाद वे आईएएस चुने गए। बीते पांच वर्षों में वे विभिन्न पदों पर पिथौरागढ़, लक्सर, रुड़की, चमोली और बागेश्वर में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।