रुद्रप्रयाग। राजकीय महाविद्यालय की उपेक्षा व समस्याओं का निराकरण न होने पर छात्रसंघ ने रोष व्यक्त किया। संघ ने कहा कि यदि महाविद्यालय की समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं किया जाता है तो वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
डीएम को भेजे ज्ञापन में छात्रसंघ अध्यक्ष आशीष कप्रवाण व छात्र नेता विक्रांत चौधरी का कहना है, कि छात्रसंघ करीब एक वर्ष से महाविद्यालय की समस्याओं के निराकरण करने की मांग करते आ रहे है, लेकिन एक भी समस्या का अभी तक निराकरण नहीं किया गया। उन्होंने महाविद्यालय में एमए व बीएससी कक्षाओं का संचालन, महाविद्यालय में शौचालय निर्माण, बीए में संस्कृत व भूगोल की स्वीकृति, सफाई कर्मचारी की नियुक्त करने की मांग की। साथ ही कहा कि वर्तमान समय में जिस भूमि पर महाविद्यालय संचालित हो रहा है वह जिला पंचायत की है। उन्होंने जिला पंचायत को आदेशित कर महाविद्यालय के नाम करने की मांग करते हुए कहा कि ऐसा करने से महाविद्यालय में व्यवस्थित रुप से कक्षाएं संचालित हो सकेगी। छात्रों ने कहा कि कि यदि उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।