राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि समेत राजकीय महाविद्यालय रुद्रप्रयाग व जखोली में शिक्षण सत्र 2019-20 के लिए छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। यहां 9 सितंबर को मतदान होगा। उसी दिन मतगणना और निर्वाचित छात्रसंघ को शपथ दिलाई जाएगी।
पीजी कॉलेज अगस्त्यमुनि के प्राचार्य डा. गोविंद सिंह रजवार व चुनाव अधिकारी डा. एसपी पुरोहित ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। बुधवार 4 सितंबर से नामांकन प्रपत्रों की बिक्री होगी। जबकि 5 सितंबर को विभिन्न पदों के लिए संभावित प्रत्याशी नामांकन करेंगे। 6 सितंबर को नामांकन प्रपत्रों की जांच नाम वापसी व वैद्य प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। छात्रसंघ कोषाध्यक्ष का पद छात्राओं के लिए आरक्षित है। इधर, डिग्री कालेज रुद्रप्रयाग के प्राचार्य डा. वीएन खाली व चुनाव अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव अधिसूचना के बारे में सभी छात्र-छात्राओं को सूचित कर दिया गया है। आज बुधवार पूर्वान्ह 11 बजे से अपराह्न 2 बजे तक नामांकन प्रपत्रों की बिक्री की जाएगी। उधर, डिग्री कॉलेज जखोली में छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण कराने के लिए प्राचार्य डा. माधुरी के दिशा-निर्देशन में छात्र-छात्राओं के साथ बैठक की गई। इस मौके पर डॉ बबीत कुमार बिहान ने लिंगदोह समिति की लागू सिफारिशों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पंजीकृत छात्र-छात्राओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील भी की। दूसरी ओर देवप्रयाग राजकीय महाविद्यालय और राजकीय महाविद्यालय चंद्रबदनी नैखरी में भी 9 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव करवाए जाएंगे। महाविद्यालय देवप्रयाग के मुख्य चुनाव अधिकारी डा. अर्चना धपवाल ने बताया कि छात्र संघ चुनाव के लिए 4 सितंबर को नामांकन पत्रों की बिक्री की जाएगी।