राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्मयमुनि में 4 अक्तूबर को होने वाले छात्रसंघ सम्मान समारोह को लेकर छात्रसंघ दो धड़ों में बंट गया है। एक तरफ अध्यक्ष हिमांशु भट्ट जहां कार्यक्रम की तैयारियों में जुट गए हैं। वहीं सचिव अंकित सिंह ने कार्यक्रम के बहिष्कार का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री हरीश रावत की मौजूदगी में होने वाले छात्रसंघ समारोह को लेकर पीजी कालेज अगस्त्यमुनि का छात्रसंघ में अभी तक सर्व सहमति नहीं बन पाई है। छात्रसंघ के सचिव का कहना है कि समारोह को लेकर अध्यक्ष भट्ट अपनी मनमानी चला रहे हैं।
वे पद की आड़ में दूसरे पदाधिकारियों के अधिकारों का भी हनन कर रहे हैं। ऐसे में वे छात्रसंघ सम्मान समारोह में शामिल नहीं होंगे। इधर, अध्यक्ष भट्ट ने डीएम डा. राघव लंगर से भेंट कर उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया है।
कहना है कि प्रस्तावित समारोह को प्रभावित करने के लिए कुछ छात्र नेताओं पर राजनीतिक द्वेष का आरोप लगाया है। प्राचार्य पीएस जगवाण का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि जल्द आपासी मन-मुटाव को भुलाकर छात्रसंघ पदाधिकारी व छात्र-छात्राएं आयोजन के सफल संचालन में मदद करेंगे।