रुद्रपुर के रामपुर बॉर्डर में बिना वर्दी ड्यूटी करता एसपीओ।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। उत्तराखंड और यूपी की रामपुर सीमा पर एसपीओ बिना वर्दी के ड्यूटी कर रहे हैं। आलम यह है कि बिना वर्दी के सीमा पर वाहन चालकों एवं पैदल राहगीरों को रोकने पर हंगामे की स्थिति पैदा हो रही है। इससे राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तत्कालीन एसएसपी बरिंदरजीत सिंह की पहल पर हर एसपीओ को पुलिस कार्यालय से दो जोड़ी वर्दी मुहैया कराई गई थी। इसके बावजूद वर्दी न पहनना एसपीओ की मनमानी को प्रदर्शित कर रहा है। इस मामले में एसपी क्राइम प्रमोद कुमार ने कहा कि वर्दी नहीं पहनने वाले एसपीओ से स्पष्टीकरण लिया जाएगा।
सीमा पर पाबंदी तो की गई है लेकिन राहगीरों के लिए कोई सुविधा नहीं है। पीने के पानी के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। प्रशासन और पुलिस को इस ओर भी ध्यान देना चाहिए। एसपीओ सीमा पर बदतमीजी से बात कर रहे थे। - प्रेम कुमार, मेरठ।
बिना वर्दी के कुछ लोग बॉर्डर पर अनायास ही रोक रहे हैं। उनसे पूछताछ करने पर वे बदतमीजी से बात करते हैं। एसपीओ बनाए गए हैं तो इन्हें वर्दी पहननी चाहिए। बिना वर्दी के कैसे पता चलेगा कि सामने वाला एसपीओ ही है या कोई और। - अनिमेष, गाजियाबाद।
हरियाणा से कैंची धाम दर्शन के लिए जाना था। सीमा पर बिना वर्दी के कुछ लोगों ने रोक लिया। पूछताछ करने पर खुद को एसपीओ बताया गया। रोकना सही है लेकिन अनुशासन में रहकर बात करनी चाहिए। - संजीव कुमार, हरियाणा।
यूपी से आने में वहां कोई रोकटोक नहीं है। उत्तराखंड पहुंचते ही सीमा पर रोक दिया गया। कोरोना जांच रिपोर्ट नहीं होने पर खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने पर भी प्रवेश नहीं मिल सका। - सुरेश पांडे, दिल्ली।