संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। जिले में एसआईआर के तहत मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण का कार्य जारी है। जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने ईआरओ, एईआरओ और बीएलओ को प्रकरणों का निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नोटिस प्राप्त करने वाले लोगों से न्यूनतम आवश्यक दस्तावेज ही मांगे जाएं और अनावश्यक अतिरिक्त दस्तावेज लेने से बचा जाए। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों में रह रहे लोगों से ऑनलाइन दस्तावेज लेने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले का अधिकांश क्षेत्र पर्वतीय और दूरस्थ है तथा वर्तमान में मानसून भी चल रहा है। ऐसे में दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए व्हाट्सऐप अथवा अन्य ऑनलाइन माध्यमों से दस्तावेज प्राप्त किए जा सकते हैं। हालांकि उनका सत्यापन अनिवार्य होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुविधा के नाम पर निर्वाचन प्रक्रिया के नियमों से समझौता न किया जाए। जिलाधिकारी ने बीएलओ समेत निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों को आमजन को एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी देने और उनकी शंकाओं का समाधान करने के निर्देश भी दिए। संवाद