व्यापारियों ने जताया आक्रोश
जांच के लिए दो सदस्यीय दल पहुंचा केदारनाथ
संवाद न्यूज एजेंसी
केदारनाथ/फाटा। केदारनाथ धाम में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आवंटित दुकानों को अन्य लोगों को किराये पर दिए जाने पर व्यापारियों ने आक्रोश जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दुकानों में उक्त व्यक्ति तीर्थयात्रियों को रात्रि प्रवास करवाकर शुल्क वसूल रहे हैं। वहीं शिकायत पर जांच के लिए टीम को केदारनाथ धाम भेजा गया है।
विगत तीन वर्षों से केदारनाथ धाम में टेंट संचालन कर रहीं विजयलक्ष्मी ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत केदारनाथ धाम में चार एसएचजी समूहों को उनके उत्पादों की बिक्री के लिए दुकानें आवंटित की गई थीं। मगरइन दुकानों को किराये पर अन्य लोगों को दिया जा रहा है। इस बाबत मुख्य विकास अधिकारी को जानकारी दी गई थी लेकिन अभी तक उक्त मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रभारी खंड विकास अधिकारी ऊखीमठ वीरेंद्र मोहन ने बताया कि जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित की गई है। उन्हें जांच के लिए केदारनाथ भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के बाद विभागीय कार्रवाई होगी। वहीं मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि अभी महिलाएं उत्पादों को उक्त आवंटित दुकानों में नहीं ले गई हैं।