रुद्रपुर बाजार में फुटपाथ पर बिकता सामान
- फोटो : AMAR UJALA
रुद्रपुर। लॉकडाउन में सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे तक दुकान खोलने की मिल रही छूट का कुछ व्यापारी गलत तरीके से फायदा उठा रहे हैं। दुकान खोलने के साथ ही फुटपाथ पर भी सामान बेच रहे हैं। इससे सड़क संकरी होने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इसी कारण सामाजिक दूरी के नियमों की भी धज्जियां उड़ रही हैं। प्रशासन ने चार दिन पहले आवश्यक सेवाओं के साथ ही इलेक्ट्रिक, स्टेशनरी आदि की दुकानें भी खोलेन की छूट दी है। जिस कारण रुद्रपुर मुख्य बाजार में कुछ शोरूम और कुछ दुकानें भी खुलने लगी हैं। दुकान मालिकों ने दुकानों के बाहर नालियों व फुटपाथ पर सामान बेचना शुरू कर दिया है। मुख्य बाजार के साथ ही विधवानी मार्केट, गोल मार्केट आदि स्थानों पर फुटपाथों पर खुलेआम सामान बेचा जा रहा है। कई बार फुटपाथ पर सामान होने से जाम लग रहा है। सोमवार को फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण रुद्रपुर के बाजार क्षेत्र में जाम की शिकायतें मिलती रही, लेकिन अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम और प्रशासन ने किसी प्रकार की सख्ती नहीं दिखाई।