स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए शंकराचार्य माधवाश्रम अस्पताल में 76 अतिरिक्त बेड लगा दिए हैं। अब, यहां 120 मरीजों को भर्ती किया जा सकता है। वहीं, कोविड केयर सेंटर अगस्त्यमुनि में भी 141 बेड की व्यवस्था कर दी गई है।
कोरोना की दूसरी लहर में जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 600 तक पहुंच चुका है। वर्तमान में 456 एक्टिव केस हैं, जिसमें 36 को अस्पताल में भर्ती किया गया है। जबकि अन्य 420 को होम आइसोलेशन में रखा गया है। इधर, बीते एक सप्ताह से दिनोंदिन बढ़ रहे मरीजों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने शंकराचार्य माधवाश्रम अस्पताल कोटेश्वर में बेड बढ़ाने शुरू कर दिए हैं। यहां अभी कुल 43 बेड हैं, जिसमें 36 कोरोना संक्रमित भर्ती हैं। अब, यहां 76 बेड और बढ़ाए जा रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में संक्रमितों को उचित इलाज मिल सके। दूसरी तरफ कोविड केयर सेंटर अगस्त्यमुनि में भी विभाग द्वारा 141 बेड अतिरिक्त के तौर पर लगाए हुए हैं। सीएमओ डा. बीके शुक्ला ने बताया कि कोरोना संक्रमित मरीजों को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए बेहतर से बेहतर इंतजाम किए जा रहे हैं।