कालीकमली धर्मशाला ऊखीमठ में अपने साथी मजदूर को चाकू मारकर घायल करने वाले आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया है। घटना बीते 29 जून की है, जब धर्मशाला के एक कमरे में रह रहे दोनों मजदूरों के बीच मोबाइल पर गाना सुनने को लेकर आपसी विवाद हो गया था, और आरोपी ने अपने साथी को चाकू मारकर घायल कर दिया।
पीड़ित परमेश्वर के भाई कैलाश पुत्र भोदेई, निवासी भादवो, थाना मोहमदाबाद, जिला मऊ, यूपी, हाल निवास कालीकमली धर्मशाला, उखीमठ की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी हरिलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। चेकिंग के दौरान उसे चुन्नी बैंग के निकट से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष जहांगीर अली ने बताया कि हीरालाल व परमेश्वर के बीच मोबाइल पर गाना सुनने को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी बीच हीरालाल ने परमेश्वर पर चाकू से एक के बाद एक कई वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान हो गया। अन्य की मदद से घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में प्राथमिक उपचार के बाद बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया था। जहां बीते 30 जून को सफल ऑपरेशन के बाद वह खतरे से बाहर है।